मिलेनियम एजुकेशन प्वाइंट ने मैट्रिक में उत्कृष्ट अंक लाने वाले छात्रों को किया सम्मानित

Written by Sanjay Kumar

Published on:

चितरंजन कुमार
चंडी (अपना नालंदा)।बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा में इस वर्ष भी ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। नगरनौसा प्रखंड के रामपुर उच्च विद्यालय के छात्र आनंद कुमार ने 500 में 482 अंक प्राप्त कर राज्य स्तर पर नौवां स्थान हासिल किया है। वहीं नालंदा जिले में भी उन्होंने शीर्ष स्थान प्राप्त कर परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
आनंद कुमार की इस उल्लेखनीय सफलता पर चंडी स्थित मिलेनियम एजुकेशन प्वाइंट की टीम ने रविवार देर शाम उनके गांव बमपुर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर संस्था के एमडी आलोक कुमार उर्फ सिप्पू भैया ने आनंद कुमार को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और उनके परिवारजनों को बधाई दी।


कार्यक्रम के दौरान आलोक कुमार ने कहा कि आनंद कुमार शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं और उनकी कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि उन्होंने मैट्रिक परीक्षा में राज्य स्तर पर स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि रिजल्ट से पहले ही बोर्ड द्वारा बुलावा आने पर आनंद को अपनी सफलता का अंदाजा हो गया था।
इस अवसर पर आनंद कुमार के ममेरे भाई रजनीश कुमार को भी उनकी सफलता के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दोनों छात्रों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसी क्रम में मिलेनियम एजुकेशन प्वाइंट की टीम ने बापू हाई स्कूल के छात्र अमित कुमार को भी सम्मानित किया। अमित कुमार ने मैट्रिक परीक्षा में 475 अंक प्राप्त कर बेहतर प्रदर्शन किया है। टीम उनके गांव मुड़लाविगहा पहुंची और अंगवस्त्र देकर उनका सम्मान किया।
इस दौरान सूर्यमणि शर्मा, जानू मालाकार, जितेंद्र कुमार, उदय कुमार, विक्रम कुमार और विक्की कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

Leave a Comment