डीहरीगढ़ में लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी की बैठक, संगठन विस्तार व सामाजिक एकता पर जोर

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।रविवार को लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी द्वारा हरनौत प्रखंड के ग्राम डीहरीगढ़ स्थित समुदाय भवन प्रांगण में पार्टी विस्तार को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के नालंदा जिलाध्यक्ष अरविंद धानुक ने की।

जिलाध्यक्ष अरविंद धानुक ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि “अति पिछड़ा जगाओ, बिहार बचाओ” के नारे के साथ पार्टी को संगठित कर सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती देने की आवश्यकता है। उन्होंने दलित, शोषित, वंचित, अल्पसंख्यक वर्गों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों से अपील की कि वे एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से पार्टी को सशक्त बनाएं। उन्होंने बेरोजगारी और युवाओं के पलायन को गंभीर चिंता का विषय बताया और इसे रोकने के लिए जन विकास पार्टी को विकल्प के रूप में सामने लाने की जरूरत बताई।

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष विरमणी मंडल ने कहा कि समाज के पिछड़े, गरीब, मजदूर, दलित और अल्पसंख्यक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि छोटे-छोटे गांवों में सभा कर शिक्षा का संदेश फैलाया जाए। उन्होंने सामंतवादी अत्याचारों के खिलाफ एकजुटता और सामाजिक ताकत को मजबूत करने की अपील की।

बैठक के दौरान विभिन्न पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। शुभम कुमार को हरनौत प्रखंड अध्यक्ष, अनिल कुमार एवं अखिलेश कुमार को उपाध्यक्ष, राजीव कुमार को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। साथ ही जितेंद्र कुमार को नगर पंचायत अध्यक्ष और रामबली प्रसाद को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

प्रदेश मीडिया प्रभारी अमोद कुमार ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए पार्टी को संगठित रूप से मजबूती देने पर बल दिया।

इस अवसर पर योगेन्द्र राउत, नीतीश कुमार, टुनटुन कुमार, सुरेश कुमार, शैलेन्द्र महतो, जितेंद्र कुमार, विजय महतो, अरुण कुमार, सुरेश प्रसाद, धर्मेंद्र कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment