रहुई में विवाहिता की हत्या कर शव जलाया, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। रहुई थाना क्षेत्र में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर शव को गायब करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सुरेंद्र केवट, पिता बासु केवट, ग्राम वाजितपुर, थाना दीपनगर, ने रहुई थाना पहुंचकर एक लिखित आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में उन्होंने अपनी पुत्री की शादी ग्राम मंदिलपुर निवासी बलिराम केवट, पिता राधेश्याम केवट के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उनकी पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था।

सुरेंद्र केवट ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी पुत्री की दहेज के लिए हत्या कर दी गई है और शव को गायब कर दिया गया है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मृतका के ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर भागने की फिराक में हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नामजद अभियुक्त बलिराम केवट और उसके पिता राधेश्याम केवट को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि विवाहिता की हत्या के बाद शव को मंदिलपुर स्थित खंदा में जला दिया गया था।

पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के निशानदेही पर शव जलाए जाने के स्थान की पहचान की गई। घटनास्थल पर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम ने साक्ष्य संकलन किया। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण नूरसराय अंचल के पुलिस निरीक्षक एवं बिहारशरीफ सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा भी किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में विधि व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम-पते:

  1. बलिराम केवट (उम्र लगभग 26 वर्ष), पिता राधेश्याम केवट, ग्राम मंदिलपुर, थाना रहुई, जिला नालंदा।
  2. राधेश्याम केवट (उम्र लगभग 50 वर्ष), पिता स्व. रामचंद्र केवट, ग्राम मंदिलपुर, थाना रहुई, जिला नालंदा।

Leave a Comment