चंडी (अपना नालंदा)। कल्याणपुर मुख्य सड़क पर सोमवार की देर संध्या एक भीषण सड़क दुर्घटना में 45 वर्षीय मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार मनोज कुमार हरनौत थाना क्षेत्र के सारथा गांव निवासी राम इतर सिंह के पुत्र हैं। घटना उस समय हुई जब वह अपने पुत्र हर्ष राज के साथ मोटरसाइकिल से पटना से अपने घर सारथा लौट रहे थे।
हर्ष राज ने बताया कि जैसे ही वे लोग कल्याणपुर स्थित बजरंगवाली मंदिर के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनोज कुमार असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के तुरंत बाद अज्ञात चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़े थे। उनके दाहिने पैर और बाएं हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए उन्हें उठाकर तत्काल रेफरल अस्पताल, चंडी पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, किंतु स्थिति नाजुक देखते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर अज्ञात चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुत्र हर्ष राज का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस मार्ग पर बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई है। लोगों ने प्रशासन से नियमित गश्त, गति नियंत्रण एवं सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस ने भी आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को दुर्घटना से संबंधित कोई ठोस जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित थाना को सूचित करें, जिससे फरार चालक को शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके।
कल्याणपुर सड़क हादसे में सारथा निवासी मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल
Written by Sanjay Kumar
Published on:







