बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिले में सोमवार की सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी की टीम ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी कर इलाके में हलचल मचा दी। बताया जा रहा है कि एजेंसी की टीम करीब दस से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ जिले में पहुंची और छह से अधिक संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ जांच शुरू कर दी।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई जिले के अलग-अलग इलाकों में की जा रही है। टीम ने संदिग्ध लोगों के घरों और उनसे जुड़े ठिकानों पर दस्तावेजों, मोबाइल फोन, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बारीकी से जांच की। करीब चार घंटे से अधिक समय से एजेंसी के अधिकारी लगातार जांच में जुटे हुए हैं।

बताया जा रहा है कि यह छापेमारी किसी संदिग्ध गतिविधि और नेटवर्क से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है। हालांकि अब तक एजेंसी की ओर से आधिकारिक रूप से किसी प्रकार की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती गई। स्थानीय पुलिस बल को भी मौके पर तैनात किया गया, जो एजेंसी की टीम के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही है।
अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोग इस पूरे घटनाक्रम को लेकर उत्सुकता से जानकारी लेने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल एजेंसी की टीम सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।







