सरकारी योजनाओं की जानकारी देने पहुंची मोबाइल वैन, 200 से अधिक महिलाओं ने लिया भाग
अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।बिहार सरकार के महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत चोरसुआ प्रखंड में मंगलवार को महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से स्वावलंबी बनाना था। कार्यक्रम में मोबाइल वैन के माध्यम से वीडियो प्रेजेंटेशन के जरिए महिलाओं को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
वीडियो के माध्यम से बताया गया कि किन योजनाओं का लाभ कौन-कौन महिलाएं या समूह ले सकते हैं, आवेदन की प्रक्रिया क्या है, किन कागजातों की आवश्यकता होती है और इन योजनाओं के माध्यम से उन्हें क्या लाभ मिल सकता है। साथ ही सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए लिए गए नीतिगत निर्णयों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी पवन कुमार ठाकुर ने कहा कि यदि किसी पात्र व्यक्ति को इंदिरा आवास या वृद्धा पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ नहीं मिला है, तो वे उनके कार्यालय में आवेदन दे सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्रों को लाभ दिलाया जाएगा।
जीविका के क्षेत्रीय समन्वयक करण कुमार ने कहा कि जो महिलाएं अब तक जीविका से नहीं जुड़ी हैं, वे जुड़कर आत्मनिर्भर बनें। प्रखंड परियोजना प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि सतत् जीविकोपार्जन योजना के तहत अनुसूचित जाति की महिलाएं जो पहले शराब या ताड़ी का व्यवसाय करती थीं और अब वैकल्पिक रोजगार अपनाना चाहती हैं, उन्हें जीविका द्वारा दो लाख रुपये का अनुदान दिया जा रहा है।
जीविका बुककीपर चंदन कुमार ने बताया कि जीविका समूह के माध्यम से महिलाओं को सिलाई, ब्यूटीशियन, मशरूम उत्पादन, अगरबत्ती, अचार निर्माण आदि के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के बाद उन्हें लोन उपलब्ध करवाया जाता है और स्वरोजगार से जोड़ा जाता है। जीविका द्वारा उन्हें विभिन्न कार्यों में संलग्न कर उचित पारिश्रमिक भी दिया जाता है।
इस अवसर पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश कुमार, सामुदायिक समन्वयक अणु कुमारी, क्षेत्रीय समन्वयक पुष्पा कुमारी, मुखिया चंदन कुमार समेत कई अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में जीविका समूह से जुड़ी 200 से अधिक महिलाएं शामिल हुईं।




