सिलाव के जुआफर पंचायत में “महिला संवाद” का आयोजन, डीएम ने दीदियों से सुनी आकांक्षाएं और समस्याएं

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता बिहारशरीफ। सोमवार को नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी एवं उप विकास आयुक्त श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर की उपस्थिति में जीविका के तत्वावधान में सिलाव प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जुआफर में “महिला संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन शक्ति जीविका महिला ग्राम संगठन द्वारा किया गया, जिसमें संगठन से जुड़े 24 जीविका समूहों के 260 से अधिक परिवारों की दीदियां शामिल हुईं।

सभा स्थल पर वीडियो वैन के माध्यम से दीदियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। दीदियों ने बताया कि जीविका से जुड़ने के बाद उनकी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

शक्ति जीविका समूह से जुड़ी सुधा देवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें समूह से एक लाख रुपए का लोन मिला, जिसकी मदद से उन्होंने अपने दो बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाई।

परिणामस्वरूप, एक बच्चा शिक्षक बना तो दूसरा पुलिस विभाग में कार्यरत है।कार्यक्रम के दौरान दीदियों ने जीविका और सरकार से प्राप्त लाभों की विस्तृत जानकारी भी साझा की।

जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “महिला संवाद” का उद्देश्य दीदियों की आकांक्षाएं, समस्याएं और जरूरतों को समझना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उनका समाधान किया जा सके।

उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का निपटारा स्थानीय स्तर पर संभव नहीं होगा, उन्हें उच्च स्तर पर सरकार को भेजा जाएगा।इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित जीविका से अनुराग कुमार (मैनेजर फार्म), राम पुकार (प्रशिक्षण पदाधिकारी), संतोष कुमार (मैनेजर कम्युनिकेशन), अंजुला कुमारी (एसी), रुचि कुमारी (सीसी) सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment