पटना में ‘महापरिवार गणना अभियान 2026-27’ का शुभारंभ, सामाजिक-आर्थिक स्थिति के आकलन पर हुई चर्चा

Written by Sanjay Kumar

Published on:

पटना (अपना नालंदा)। बिहार विधानसभा के एनेक्सी हॉल में “महापरिवार गणना अभियान समिति, बिहार” के तत्वावधान में राज्य स्तरीय विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का विषय “बिहार में महापरिवार की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति: समस्या और समाधान” रखा गया। कार्यक्रम के दौरान समिति द्वारा औपचारिक रूप से “महापरिवार गणना अभियान 2026-27” की शुरुआत की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
गोष्ठी में अभियान के संयोजक राजीव रंजन, नेतृत्वकर्ता संजय वर्मा, अभियान प्रमुख सुधाकर श्रीवास्तव, शशिभूषण प्रसाद, मनीष सिन्हा, हरि कृपा, अमरीश सिन्हा, डॉ. चंचल सुमन, डॉ. प्रभात चंद्रा, पूर्व आईपीएस पी.के. दास, चंदन सिन्हा, पत्रकार राजीव रंजन और उमेश वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि समाज की वास्तविक जनसंख्या, आर्थिक स्थिति और सामाजिक हालात की सटीक जानकारी के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत पूरे बिहार में दो वर्षों तक व्यापक सर्वेक्षण किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि “बिहार कायस्थ गणना डॉट कॉम” के माध्यम से ऑनलाइन डेटा संग्रह किया जाएगा, ताकि समाज की वास्तविक स्थिति का समग्र आकलन हो सके। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय जनगणना में जातीय गणना होने के बावजूद यह स्वैच्छिक अभियान जारी रहेगा।
गोष्ठी में समाज की जमीन-जायदाद पर अवैध कब्जे की घटनाओं पर चिंता जताई गई और जिला स्तर पर “महापरिवार सुरक्षा समिति” गठित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही अभियान को सफल बनाने के लिए “महापरिवार आर्थिक सहयोग समिति” के गठन का भी प्रस्ताव पारित किया गया। पंचायत स्तर तक अभियान को आगे बढ़ाने के लिए संजय वर्मा को राज्य संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई।

Leave a Comment