रविदास जयंती पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, समरसता का संदेश

Written by Sanjay Kumar

Published on:

सुजीत कुमार
पटना (अपना नालंदा)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के अवसर पर रविवार को 28 अकबर रोड, नई दिल्ली में श्रद्धा और सम्मान के साथ उनका स्मरण किया गया। इस अवसर पर हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्यूलर) के संरक्षक, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्रिमंडल में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन, तथा उनकी धर्मपत्नी विधायक दीपा मांझी ने संत रविदास जी की छवि पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
नेताओं ने संत रविदास जी के विचारों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज में व्याप्त छुआछूत और भेदभाव जैसी कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाई और समानता व भाईचारे का संदेश दिया। उनके उपदेश आज भी समाज को मानवता, करुणा और समरसता की राह पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने संत रविदास जी के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय और समता पर आधारित समाज की स्थापना के लिए संत रविदास जी का जीवन दर्शन अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में उपस्थित जनसमूह ने संत रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज से भेदभाव और असमानता को समाप्त करने की दिशा में निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment