लालू प्रसाद यादव का 78वां जन्मदिन जिले में सामाजिक न्याय एवं सद्भाव दिवस के रूप में मनाया गया

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सामाजिक न्याय के प्रखर प्रवक्ता लालू प्रसाद यादव का 78वां जन्मदिन मंगलवार 11 जून को जिले के सभी प्रखंडों में सामाजिक न्याय एवं सद्भाव दिवस के रूप में धूमधाम से मनाया गया।

बिहारशरीफ के लहेरी मोहल्ला स्थित ब्रह्मस्थान सामुदायिक केंद्र में राजद जिलाध्यक्ष अशोक कुमार हिमांशु एवं युवा जिला अध्यक्ष मनोज यादव की अगुवाई में केक काटा गया। इस अवसर पर बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया गया तथा जरूरतमंदों को भोजन भी कराया गया।

जिलाध्यक्ष अशोक कुमार हिमांशु ने लालू प्रसाद यादव के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए जिलेवासियों की ओर से उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी, जिसके फलस्वरूप वंचितों को आवाज मिली।

युवा जिलाध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि लालू प्रसाद यादव सामाजिक न्याय के प्रतीक हैं। उन्होंने सदैव समाज के अंतिम व्यक्ति के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। आज पूरे जिले में राजद कार्यकर्ता उनके जन्मदिवस को सामाजिक न्याय एवं सद्भाव दिवस के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राजद का हर कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए संकल्पबद्ध है।

इस अवसर पर दीपक कुमार सिंह, रजनीश कुमार सिंह, पवन यादव, दिलीप कुमार सिन्हा, अनिल अकेला, शेखर यादव, पंकज कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सिलाव प्रखंड में दिलीप कुमार के नेतृत्व में तथा परवलपुर में प्रखंड अध्यक्ष रामानंद मुखिया की अगुवाई में गरीब बच्चों के बीच शैक्षणिक सामग्री वितरण और भोजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही युवा राजद के जिला प्रभारी डॉ. रविकांत कुमार, अरविंद यादव एवं आचार्य सरोज ठाकुर की उपस्थिति में कार्यक्रम को सफल बनाया गया।

जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड अध्यक्षों और स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा सामूहिक भोज एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन कर लालू यादव का जन्मदिन प्रेरणादायक रूप से मनाया गया।

Leave a Comment