संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। श्रम संसाधन विभाग बिहार के निर्देश पर श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सतीश सिंह के नेतृत्व में बिहारशरीफ प्रखंड क्षेत्र में विशेष धावा दल द्वारा बाल श्रम उन्मूलन हेतु सघन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान बाल श्रम रोकथाम एवं बच्चों को सुरक्षित भविष्य प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जांच के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में निरीक्षण किया गया, जिसमें एक प्रतिष्ठान से एक नाबालिग बाल श्रमिक को धावा दल की टीम ने मुक्त कराया। मुक्त बच्चे को नियमानुसार बाल कल्याण समिति, बिहारशरीफ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, ताकि आगे उसके पुनर्वास एवं देखरेख की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके। वहीं, बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत संबंधित नियोजक के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
श्रम अधीक्षक अश्विनी कुमार ने बताया कि नालंदा जिले में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और बाल श्रम के मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी व्यवसाय संचालकों से अपील की कि वे बच्चों को किसी भी स्थिति में मजदूरी कार्य में न लगाएं।
धावा दल में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सतीश सिंह, अजित कुमार (बिन्द), आईडिया संस्था नालंदा से उज्ज्वल कुमार, अश्विनी कुमार, मंटू कुमार तथा प्रयास संस्था से अब्दुल और शैलेंद्र शामिल थे। लहेरी थाना, बिहारशरीफ की पुलिस टीम ने भी इस अभियान में सहयोग किया।
नालंदा में श्रम विभाग की कार्रवाई, बाल श्रमिक को दिलाई मुक्ति
Written by Sanjay Kumar
Published on:







