बाघा टीला में किसान बाल विद्या निकेतन का शुभारंभ, ग्रामीण बच्चों को मिलेगी बेहतर शिक्षा

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
पटना (अपना नालंदा)। पटना जिला के बेलछी प्रखंड अंतर्गत बाघा टीला गांव में ग्रामीण बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किसान बाल विद्या निकेतन का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय स्वतंत्र शिक्षण संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत मानस, प्रखंड अध्यक्ष बिंद राजीव कुमार, सुप्रसिद्ध मगही कवि उमेश प्रसाद उमेश तथा विद्यालय के निदेशक राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गीत, कविता पाठ तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा को देखकर अतिथियों और अभिभावकों ने उनकी सराहना की। इस अवसर पर आदित्य राज, अयांश राज, सौरव कुमार, गौरव कुमार, सोनम कुमारी, सागर कुमार, बादल कुमार, शुभम कुमार, सलोनी, सान्वी, संध्या, आरजू, सुहानी, सानिया, चंदन कुमार, सुलेखा कुमारी, चांदनी, वामिका, आराध्या कुमारी, राजकुमार तथा शिवानी कुमारी सहित कई विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि भारत मानस ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। ऐसे विद्यालय ग्रामीण बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज में जागरूकता और विकास संभव है।
सुप्रसिद्ध मगही कवि उमेश प्रसाद उमेश ने भी बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। वहीं विद्यालय के निदेशक राजेश कुमार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार देना है।
विद्यालय के प्रचारक सुशील कुमार ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी यहां कम शुल्क में अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे और विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Comment