राजगीर में खेलो इंडिया यूथ गेम्स जागरूकता रथ का हुआ भव्य स्वागत

Written by Sanjay Kumar

Published on:

खेल विश्वविद्यालय परिसर में युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया गया

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ । खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के प्रति युवाओं में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से निकाला गया जागरूकता रथ गुरुवार की शाम राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित बिहार खेल विश्वविद्यालय पहुंचा। विश्वविद्यालय में रथ का भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर बिहार खेल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शिशिर सिन्हा, कुलसचिव रजनीकांत, और बिहार खेल अकादमी के निदेशक मिथिलेश कुमार सहित कई अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने रथ का गर्मजोशी से स्वागत किया।

कुलपति शिशिर सिन्हा ने युवाओं को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि, “खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि आज खेलों में कैरियर की भी असीम संभावनाएं मौजूद हैं।” उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान खिलाड़ियों में नया जोश और आत्मविश्वास भरते हैं।

रथ के माध्यम से विभिन्न खेल विधाओं, खिलाड़ियों की उपलब्धियों और खेलो इंडिया की थीम को प्रस्तुत किया गया।

कुलसचिव रजनीकांत ने कहा कि “ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेलों के प्रति चेतना जागृत होती है और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचने की प्रेरणा मिलती है।”

सहायक निदेशक मिथिलेश कुमार ने कहा, “हर युवा के भीतर कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है। इस प्रकार के कार्यक्रम उस प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।”

इस जागरूकता अभियान से प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों में उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ, और खेलों के प्रति गंभीरता व संकल्पशीलता भी देखने को मिली।

Leave a Comment