अपना नालंदा संवाददाता
राजगीर | खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के भारोत्तोलन मुकाबलों में सोमवार का दिन कई ऐतिहासिक उपलब्धियों का गवाह बना। महाराष्ट्र के युवा भारोत्तोलक सैराज राजेश परदेशी ने 81 किग्रा वर्ग में 312 किग्रा वजन उठाकर न केवल स्वर्ण पदक जीता, बल्कि तीन युवा राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी तोड़ दिए। वहीं, हरियाणा की तमन्ना ने 71 किग्रा वर्ग में स्नैच का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए अपने राज्य को प्रतियोगिता में पहला स्वर्ण पदक दिलाया। अरुणाचल प्रदेश के तायर रोनिक ने भी राज्य को खेलो इंडिया यूथ गेम्स का पहला भारोत्तोलन स्वर्ण पदक दिलाकर इतिहास रच दिया।
सैराज ने तोड़े अपने ही बनाए तीन रिकॉर्ड
राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुए मुकाबले में सैराज ने 140 किग्रा स्नैच और 172 किग्रा क्लीन एंड जर्क के साथ कुल 312 किग्रा भार उठाकर अपने ही बनाए रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले उन्होंने दिसंबर 2024 में कतर के दोहा में हुए एशियन चैंपियनशिप में 311 किग्रा का रिकॉर्ड बनाया था। सैराज फिलहाल पटियाला स्थित नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स (NIS) में कोच अल्केश बरुआ के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
उन्होंने कहा, “मेरा सपना है कि ओलंपिक में पुरुष भारोत्तोलन में भारत को पहला पदक दिलाऊं। अब तक केवल मीराबाई चानू और कर्णम मल्लेश्वरी ने यह कर दिखाया है। मैं यह रिकॉर्ड बदलना चाहता हूं।” उन्होंने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ द्वारा संभावित नए वजन वर्ग के चलते वह 88 किग्रा वर्ग में जाने की योजना बना रहे हैं।
तमन्ना ने तोड़ा स्नैच रिकॉर्ड, हरियाणा को मिला पहला स्वर्ण
हरियाणा की तमन्ना ने 71 किग्रा वर्ग में 86 किग्रा स्नैच कर दिल्ली की चेल्सी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा, जिन्होंने जनवरी 2025 में इटानगर में 85 किग्रा वजन उठाया था। तमन्ना का यह प्रदर्शन अब तक प्रतियोगिता का 10वां राष्ट्रीय रिकॉर्ड बन गया है।
अरुणाचल को मिला ऐतिहासिक स्वर्ण
तायर रोनिक ने 73 किग्रा वर्ग में कुल 267 किग्रा भार उठाकर अरुणाचल प्रदेश को खेलो इंडिया इतिहास का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। उन्होंने असम के हेमंता दोइमारी को एक किलोग्राम के अंतर से पीछे छोड़ा। तायर ने कहा, “यह मेरी पहली खेलो इंडिया पदक है। मैंने संकल्प लिया था कि पदक के बिना गांव नहीं लौटूंगा।”
अन्य प्रमुख पदक विजेता
- गुज्जला वर्षिता (आंध्र प्रदेश) ने 64 किग्रा वर्ग में 174 किग्रा भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता।
- तनुजा सुभाष पोल (महाराष्ट्र) ने 59 किग्रा वर्ग में 171 किग्रा भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता।
परिणाम सारांश (RESULTS):
युवा बालक 81 किग्रा:
- स्वर्ण: सैराज परदेशी (महाराष्ट्र) – 312 किग्रा
- रजत: एम. तरुण (आंध्र प्रदेश) – 287 किग्रा
- कांस्य: आयुष राणा (उत्तर प्रदेश) – 264 किग्रा
युवा बालिका 71 किग्रा:
- स्वर्ण: तमन्ना (हरियाणा) – 187 किग्रा
- रजत: चल्लबथुला जुहीथा गुना (आंध्र प्रदेश) – 171 किग्रा
- कांस्य: रेणुमोल पी.आर. (केरल) – 164 किग्रा
युवा बालक 73 किग्रा:
- स्वर्ण: तायर रोनिक (अरुणाचल प्रदेश) – 267 किग्रा
- रजत: हेमंता दोइमारी (असम) – 266 किग्रा
- कांस्य: हिमांशु कुशवाहा (मध्य प्रदेश) – 255 किग्रा
युवा बालिका 64 किग्रा:
- स्वर्ण: गुज्जला वर्षिता (आंध्र प्रदेश) – 174 किग्रा
- रजत: टिकी मोहिनी मलिक (ओडिशा) – 172 किग्रा
- कांस्य: शताब्दी भुइयां (असम) – 171 किग्रा
युवा बालिका 59 किग्रा:
- स्वर्ण: तनुजा सुभाष पोल (महाराष्ट्र) – 171 किग्रा
- रजत: थरंगिनी करंगी (आंध्र प्रदेश) – 170 किग्रा
- कांस्य: भावना गोगोई (असम) – 167 किग्रा।