अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। जन सुराज पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय कुमार सिन्हा ने बिहार की डबल इंजन सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य की वर्तमान स्थिति ‘जंगल राज’ से भी बदतर हो गई है। उन्होंने कहा कि बिहार में अब अपराधियों का भय इतना बढ़ गया है कि वे न सिर्फ जिलों और छोटे-छोटे कस्बों में, बल्कि राजधानी पटना में भी बेखौफ होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
संजय सिन्हा ने कहा कि सरकार अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल हो चुकी है। हर दिन हत्या, लूट, अपहरण जैसी वारदातें सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिहार में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। बिना रिश्वत दिए किसी भी सरकारी कार्यालय में साधारण से काम भी नहीं हो रहे हैं। कर्मचारी से लेकर बड़े अधिकारी तक घूसखोरी में लिप्त हैं, जिससे आम नागरिक बेहद परेशान हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि यदि बिहार में जन सुराज पार्टी की सरकार बनी, तो राज्य में अमूल्य परिवर्तन होगा। जन सुराज पार्टी ही बिहार को अपराध मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त शासन दे सकती है। संजय सिन्हा ने कहा कि उनकी पार्टी जनता के हक की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ेगी और बिहार को एक बेहतर शासन व्यवस्था देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।