अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के तुंगी गांव में जन सुराज पार्टी की ओर से एक जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रगति आनंद ने किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए पार्टी की विचारधारा, नीतियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
प्रगति आनंद ने अपने संबोधन में कहा, “अब वक्त आ गया है कि आप सभी अपने और अपने परिवार के भविष्य के बारे में सोचकर वोट करें। जन सुराज को समर्थन देकर आप एक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी सरकार की स्थापना कर सकते हैं। यह सरकार आपकी होगी, आपके हक की होगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि जन सुराज पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि गांव-गांव में जाकर लोगों को जागरूक करना है, ताकि लोकतंत्र की असली ताकत जनभागीदारी से उभरे।
इस जनसंवाद कार्यक्रम में कई महिलाओं की भागीदारी भी देखने को मिली। कार्यक्रम में पूनम सिंह देवी, इंदु देवी, सीमा देवी, बबली सिंह, खुशी कुमारी, संगीता देवी, सुनीता देवी और शांति देवी जैसी सक्रिय महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने जन सुराज पार्टी की नीतियों का समर्थन किया और अपने-अपने गांवों में पार्टी के प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर राजनीतिक चेतना को मजबूत करना और आम जनता को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग बनाना था। स्थानीय लोगों ने भी पार्टी की बातों को ध्यान से सुना और कई सवाल पूछे, जिनका समाधानपूर्वक जवाब दिया गया।
जन सुराज पार्टी के इस जनसंवाद कार्यक्रम से गांव में राजनीतिक जागरूकता का नया वातावरण बना है।