इस्लामपुर में पान कृषक अनुदान योजना में अनियमितता, डीएम ने बागवानी पदाधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ ।इस्लामपुर प्रखंड में पान कृषकों के लिए चलाई जा रही अनुदान योजना में अनियमितता की शिकायत के बाद जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए। जांच में कई अनियमितताएं उजागर हुई हैं, जिसके बाद प्रखंड बागवानी पदाधिकारी-सह-सहायक तकनीकी प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जांच प्रतिवेदन में बताया गया है कि पान कृषकों द्वारा ऑनलाइन आवेदन दिए गए थे, जिनमें से कई आवेदनों की रैंडम जांच की गई।

अस्वीकृत आवेदनों में यह पाया गया कि कुछ आवेदकों ने अन्य किसानों की रसीदों को डिलीट कर अपने नाम से आवेदन जमा किया था।

वहीं स्वीकृत आवेदनों में भी कई खामियां पाई गईं— जैसे कि धुंधले और अपठनीय दस्तावेज, अद्यतन रसीद की अनुपस्थिति, अवैध एकरारनामा, तथा जरूरी दस्तावेजों की कमी।

गाइडलाइन के अनुसार भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र अंतिम तीन वर्षों का तथा राजस्व रसीद एक वर्ष पूर्व का होना चाहिए, जबकि एकरारनामा वर्तमान वित्तीय वर्ष का अनिवार्य है। बावजूद इसके, बागवानी पदाधिकारी द्वारा बिना समुचित जांच के कई आवेदनों को स्वीकृति दी गई, जो उनकी लापरवाही को दर्शाता है।

डीएम ने इस प्रकरण को गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित पदाधिकारी से स्पष्टीकरण की मांग की है। साथ ही, आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

Leave a Comment