अपना नालंदा संवाददाता
थरथरी । अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत गुरुवार को थरथरी प्रखंड मुख्यालय में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य आम लोगों को आग लगने के कारणों, उससे होने वाले जोखिमों और उससे बचाव के उपायों के बारे में जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान परिवर्तन नाट्य संगठन की टीम ने नाटक का मंचन कर लोगों को बताया कि आग लगने की घटनाएं अक्सर लापरवाही के कारण होती हैं, जैसे गैस सिलेंडर का सही तरीके से उपयोग न करना, बिजली के उपकरणों में गड़बड़ी, या रसोई में असावधानी।
कलाकार चंदन कुमार ने बताया कि नाटक के माध्यम से बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने की बजाय सतर्कता और सूझबूझ से काम लेना चाहिए। लोगों को आग बुझाने के विभिन्न तरीकों, जैसे अग्निशमन सिलेंडर, पानी, बालू और गीले बोरे आदि के प्रयोग की जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि खाना बनाते समय पास में पानी की बाल्टी या बालू अवश्य रखें, ताकि आग की स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।
नाटक में आग से बचाव हेतु प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें घरों में लगने वाली आग को कैसे काबू किया जाए, इसका व्यावहारिक तरीका बताया गया। आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करने के लिए जरूरी नंबरों की जानकारी भी साझा की गई।
इस अवसर पर परिवर्तन नाट्य संगठन के कलाकार चंदन कुमार, कुंदन कुमार, नरेंद्र कुमार, प्रिंस कुमार, वृजेन भारती, सन्तु कुमार एवं गुड्डी सिंह मौजूद थे। कार्यक्रम को उपस्थित लोगों ने सराहा और इसे उपयोगी बताया।







