केन्द्रीय विद्यालय में भारतीय भाषा समर कैंप शुरू, दो जून तक चलेगा कार्यक्रम

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
हरनौत। स्थानीय बाजार स्थित पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय में सोमवार से कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए भारतीय भाषा समर कैंप की शुरुआत हुई। विद्यालय के प्राचार्य सीबी कुमार ने बताया कि यह कैंप प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 9 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

कैंप के पहले दिन विद्यार्थियों को चुनी गई भारतीय भाषा की बुनियादी जानकारी, अभिवादन करना और स्वयं का परिचय देना सिखाया गया। पहले दिन की कक्षा में मैथिली भाषा पर फोकस किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को मैथिली में नमस्कार करना और अपना परिचय देना सिखाया गया।

प्राचार्य ने बताया कि भारत के संविधान की आठवीं अनुसूची में 22 भाषाओं को आधिकारिक मान्यता प्राप्त है, जिनमें असमिया, बंगाली, बोडो, डोगरी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, कश्मीरी, कोंकणी, मैथिली, मलयालम, मणिपुरी, मराठी, नेपाली, उड़िया, पंजाबी, संस्कृत, संताली, सिंधी, तमिल, तेलुगु और उर्दू शामिल हैं।

शिक्षण कार्य में टीजीटी हिंदी शिक्षक प्रवीण कुमार और कार्य अनुभव शिक्षक सूर्यकांत सिन्हा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कैंप में कुल 23 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं और समापन के अवसर पर उन्हें प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

यह समर कैंप आगामी 2 जून तक चलेगा।

Leave a Comment