संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)।नालंदा जिला पत्रकार संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को राजगीर स्थित होटल विजय में आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष कमल किशोर प्रसाद ने की, जबकि मंच संचालन मनोज मायावी ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए संघ के मुख्य संरक्षक चंद्रमणि पांडेय ने कहा कि नालंदा जिला पत्रकार संघ सदैव पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के लिए मजबूती से खड़ा रहा है और आगे भी उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करता रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और उनकी सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करना समाज और प्रशासन—दोनों की जिम्मेदारी है।
मुख्य संरक्षक श्री पांडेय ने पत्रकार पेंशन योजना के वर्तमान नियमों में लचीलापन लाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि मौजूदा प्रावधानों के कारण ग्रामीण व मुफस्सिल क्षेत्रों में कार्यरत अनेक पत्रकार योजना के लाभ से वंचित रह जाते हैं। सरकार को चाहिए कि नियमों में शीघ्र संशोधन कर उन्हें अधिक व्यावहारिक बनाए, ताकि वास्तविक रूप से जरूरतमंद पत्रकारों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा तथा कुछ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा अपनाए जा रहे उपेक्षापूर्ण व्यवहार पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इन मुद्दों को सरकार के समक्ष औपचारिक रूप से उठाया जाएगा।
जिला अध्यक्ष कमल किशोर प्रसाद ने संगठन की एकजुटता और मजबूती पर बल देते हुए कहा कि पत्रकारों की समस्याओं को संगठित होकर ही प्रभावी ढंग से उठाया जा सकता है। उन्होंने जिला जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा पत्रकारों की उपेक्षा का मुद्दा उठाया तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रखंड स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने का प्रस्ताव रखा।
बैठक के दौरान पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, वर्तमान चुनौतियों, सुरक्षा, पहचान, सम्मान एवं कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला सचिव राजीव प्रसाद सिंह ने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रम चलाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि पत्रकारों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की समुचित जानकारी मिल सके।
संघ के संरक्षक राम विलास प्रसाद ने कहा कि संगठन के लिए आपसी द्वेष जहर के समान है। उन्होंने सदस्यों से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन हित में एकजुट रहने की अपील की। बैठक को कोषाध्यक्ष मोहम्मद जियाउद्दीन, मो. महफूज आलम, राजगीर अनुमंडल अध्यक्ष प्रमोद झा, सचिव अनूप कुमार, हिलसा अनुमंडल अध्यक्ष नागेश्वर प्रसाद उर्फ पप्पू सहित प्रमोद चंद्र झा, अनिल उपाध्याय, मुरलीधर केसरी, मनोज कुमार, सत्येंद्र कुमार, निसार अंसारी, वीरेंद्र कुमार, रजनीकांत पासवान, रवि ज्योति, आशीष कुमार, अविनाश पांडे, राकेश वर्मा, एम. फिरदौसी, संजीव कुशवाहा, दिलीप कुमार समेत बड़ी संख्या में जिलेभर के पत्रकार उपस्थित रहे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में पत्रकारों की समस्याओं को लेकर प्रशासन से संवाद स्थापित किया जाएगा तथा पेंशन योजना, सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर ठोस पहल की जाएगी। अंत में संघ के पदाधिकारियों ने सभी पत्रकारों से संगठन को मजबूत करने और पत्रकार हित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
राजगीर में नालंदा जिला पत्रकार संघ की अहम बैठक, पेंशन नियमों में संशोधन व पत्रकारों की सुरक्षा पर मंथन
Written by Sanjay Kumar
Published on:







