गरीबी को मात देकर ‘आइकन गर्ल’ प्रीति कुमारी ने रचा सफलता का इतिहास

Written by Subhash Rajak

Published on:

आर संतोष भारती
कतरीसराय(अपना नालंदा)। सरकारी विद्यालय में अध्ययनरत छात्रा प्रीति कुमारी ने पढ़ाई के क्षेत्र में एक बार फिर इतिहास रच दिया है। विपरीत परिस्थितियों और आर्थिक तंगी भी उसकी उड़ान को रोक नहीं सकी। प्रीति कुमारी ने अपने निरंतर परिश्रम और लगन से जिले में ‘आइकन गर्ल’ का खिताब हासिल कर लिया है।

+2 उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मालती में बारहवीं कक्षा की छात्रा प्रीति कुमारी ने सीमित संसाधनों के बावजूद बिहार में वर्ष 2025 के पैरामेडिकल और पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा में 1663वीं रैंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। पढ़ाई के प्रति उसकी प्रतिभा और समर्पण के लिए उसे अब तक कई बार ‘प्रतिभा सम्मान’ से नवाजा जा चुका है। जिले के कई अधिकारियों ने भी उसे सम्मानित किया है।

प्रीति कुमारी अपनी मंजिल के प्रति पूरी तरह समर्पित है। वह पारिवारिक और सामाजिक बाधाओं को नजरअंदाज करते हुए लगातार आगे बढ़ रही है और अपने विद्यालय के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है।

विद्यालय के शिक्षक नेता सूर्यकांत सिंह और रितेश कुमार ने प्रीति कुमारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि हमारी छात्रा सरकारी विद्यालय में पढ़कर लगातार सफलता की मिसाल कायम कर रही है। प्रीति, राजेश यादव और रेणु देवी की छह संतानों में दूसरे नंबर की संतान है। उसके माता-पिता मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। आर्थिक कठिनाइयों और संसाधनों की कमी के बावजूद प्रीति की पढ़ाई के प्रति लगन कम नहीं हुई है।

अस्थावां प्रखंड में प्रीति कुमारी अब ‘आइकन गर्ल’ के रूप में पहचानी जा रही है। उसके जज्बे को शिक्षक समाज सलाम करता है और भरोसा जताता है कि प्रीति भविष्य में अपने उच्च लक्ष्य को अवश्य हासिल करेगी। शिक्षिका माला सिन्हा ने भी प्रीति को हमेशा मां के स्नेह और आशीर्वाद के साथ संबल दिया है। वे हर कठिन समय में उसके साथ खड़ी नजर आई हैं।
थश

Leave a Comment