हिलसा नगर मंडल भाजपा की कार्यसमिति बैठक संपन्न, बूथ सशक्तिकरण पर दिया गया जोर

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
हिलसा । भारतीय जनता पार्टी हिलसा नगर मंडल की कार्यसमिति की बैठक मंगलवार को वरुण तल स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर मंडल अध्यक्ष मंजय कुमार चंद्रवंशी ने की, जबकि संचालन पूर्व नगर मंडल महामंत्री विकास कुमार चंद्रवंशी ने किया।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला कार्यसमिति प्रवास प्रभारी महेंद्र प्रसाद यादव एवं विधानसभा प्रभारी अनुग्रह नारायण उपस्थित थे। मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष अर्जुन प्रसाद विश्वकर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यसमिति की बैठक संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। यह बैठक बूथ सशक्तिकरण की रूपरेखा तैयार करने में सहायक सिद्ध होती है।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि “जो बूथ जीता, वही चुनाव जीता” की भावना के साथ ईमानदारी और निष्ठा से बूथ स्तर पर कार्य करें। वहीं महेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि प्रत्येक मंडल अध्यक्ष को एक सप्ताह के अंदर बूथ कमेटियों की सूची जिला कार्यालय को सौंपनी है। सूची सौंपने से पूर्व मंडल अध्यक्ष स्वयं सत्यापन सुनिश्चित करें।

विधानसभा प्रभारी अनुग्रह नारायण ने बूथ कमेटियों के गठन और उनके सशक्तिकरण को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पूर्ण समर्पण भाव से संगठन को मजबूत करने की अपील की।

बैठक को वाणिज्य प्रकोष्ठ के जिला संयोजक संजय सागर और पूर्व नगर अध्यक्ष योगेंद्र कुमार मंडल ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को एनडीए गठबंधन की तरह नहीं, बल्कि 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की भावना से काम करना है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को सशक्त बनाना होगा।

बैठक के दौरान नगर मंडल के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को दायित्व सौंपा गया और उन्हें सम्मानित भी किया गया।
बैठक में नंदलाल साहू, भारत कुमार, सुधीर कुमार, सुमित माथुर, अरुण साहू, उदित नारायण, मोहम्मद मोनू, साहिल पटेल, अभयानंद सिंह, सुरेश कुमार सिंह, सुब्रत हालदार, लक्ष्मण कुमार, रजनीश रंजन, दुर्गा कुमारी, नवोदिता कुमारी, शिवानी गुप्ता, रूबी देवी, मीना देवी, सीमा कुमारी, ममता कुमारी, माधुरी कुमारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment