अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। सरस्वती विद्या मंदिर, हसनपुर राजगीर के आचार्य पूज्य तपस्वी श्री जगजीवन जी महाराज एवं मनोज कुमार द्वारा संकलित ऐतिहासिक और प्रेरणादायक पुस्तक “तिरंगा का इतिहास” का भव्य विमोचन आज विद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य अनंत कुमार सिन्हा ने की।
यह पुस्तक न केवल भारतीय राष्ट्रध्वज के इतिहास, उद्भव और विकास का दस्तावेज है, बल्कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भावना को भी अत्यंत प्रभावशाली ढंग से जीवंत करती है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य अनंत कुमार सिन्हा को अशोक स्तंभ की एक प्रतिकृति एवं ‘तिरंगा का इतिहास’ पुस्तक की प्रति ससम्मान भेंट की गई।
प्रधानाचार्य श्री सिन्हा ने इस अवसर पर कहा,
“तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, यह भारत की आत्मा है। तिरंगे का केसरिया रंग साहस और बलिदान का, श्वेत रंग शांति और सत्य का, तथा हरा रंग समृद्धि और प्रगति का प्रतीक है। मनोज कुमार द्वारा प्रस्तुत यह संकलन नई पीढ़ी को राष्ट्रध्वज के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने में एक सशक्त माध्यम सिद्ध होगा।”
इस ऐतिहासिक पुस्तक की प्रतियां प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति एवं देश के अन्य प्रमुख नागरिकों को भी भेजी जा रही हैं, ताकि समाज के हर वर्ग में तिरंगे के प्रति सम्मान और जागरूकता और अधिक गहराई से विकसित हो सके।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्यगण, विद्यार्थीगण तथा अनेक स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से मनोज कुमार जी को उनके इस अमूल्य योगदान के लिए हार्दिक शुभकामनाएं एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया।