रंजीत कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)। शहर के सुभाष पार्क में नारी शक्ति योग केंद्र के माध्यम से वर्ष 2018 से महिलाओं को नि:शुल्क योगाभ्यास कराया जा रहा है। योग प्रशिक्षक रेखा देवी एवं किरण देवी के नेतृत्व में यह अभियान लगातार जारी है, जिसमें वर्तमान समय में प्रतिदिन 40 से 50 महिलाएं एवं युवतियां नियमित रूप से योगाभ्यास कर रही हैं।
प्रशिक्षक रेखा देवी ने बताया कि ‘करें योग, रहें निरोग’ अभियान के तहत इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी ताकि भागदौड़ भरी जिंदगी में महिलाएं अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकें। योगाभ्यास के माध्यम से महिलाओं को निरोग बनाने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।
नारी शक्ति योग केंद्र की ओर से कपालभाति, प्राणायाम, वक्रासन, अनुलोम-विलोम, चक्री आसन, बकासन समेत कई योग आसनों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। रेखा देवी ने बताया कि वर्ष 2018 में जब शुरुआत की गई थी, तब मात्र एक-दो महिलाएं ही योग करने आती थीं, लेकिन आज यह संख्या 50 के करीब पहुंच गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि बरसात के मौसम में सुभाष पार्क में योगाभ्यास करने में काफी परेशानी होती है, क्योंकि बिहारशरीफ में अब तक कोई योग भवन नहीं बना है। उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से अपील की कि शहर में एक योग भवन का निर्माण कराया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इस स्वास्थ्य लाभ से जुड़ सकें।
योग कर रही महिलाओं किरण देवी, सरिता सिंह, सुधा सिंह, आशा देवी, ललिता देवी, सुलेखा देवी, बिना कुमारी, श्याम कुमारी समेत अन्य महिलाओं ने बताया कि वे यहां नियमित योग कर खुद को काफी स्वस्थ और ऊर्जावान महसूस करती हैं।