राजगीर में फिल्मी अंदाज़ में अपहरण की कोशिश नाकाम, नौ आरोपी गिरफ्तार, युवक की जान बचाई

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ ।राजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण और मारपीट के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना मंगलवार, 22 जनवरी को दोपहर लगभग 1 बजे गोलरी ग्रैंड होटल के पास घटी, जहां एक सफेद रंग की गाड़ी में युवक को बांधकर पीटा जा रहा था।

राजगीर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही राजगीर थानाध्यक्ष रमन कुमार अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही दो गाड़ियां छबिलापुर की ओर भागने लगीं। पीछा कर पुलिस ने मेंयार मोड़ बाईपास के पास एक अर्टिगा कार (BR01JE2588) को रोका। इस गाड़ी से जहानाबाद के निवासी विसु कुमार और नीतीश कुमार को मुक्त कराया गया।

विसु कुमार के हाथ-पैर बंधे हुए थे और उनके कान से खून बह रहा था, जिन्हें इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल, राजगीर भेजा गया। वहीं दूसरी इनोवा क्रिस्टा (BR01JE2625) गाड़ी को खुदागंज थानाध्यक्ष जयप्रकाश पासवान द्वारा पटना की ओर भागते समय पकड़ा गया।

अपहरण की वजह:
पुलिस जांच में सामने आया कि अमित सिंह, जो पेशे से प्रॉपर्टी डीलर है, को इस बात से नाराज़गी थी कि उसकी बहन से विसु कुमार बातचीत करता था। इसी खुन्नस में उसने अपने साथियों और बाउंसरों के साथ मिलकर विसु कुमार और उसके दोस्त नीतीश को जबरन गाड़ी में बैठाकर एक होटल ले गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई। होटल संचालक द्वारा आपत्ति जताने पर आरोपियों को वहां से निकलना पड़ा, लेकिन रास्ते में भी गाड़ी की डिक्की में डालकर पीड़ितों के साथ मारपीट जारी रही।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. अमित सिंह (31), रूपसपुर, पटना
  2. भरत कुमार रॉय (33), अगियाव बाजार, आरा
  3. हरेराम सिंह (54), बिहिया, आरा (ड्राइवर)
  4. आदित्य कुमार (20), खाजेकला, पटना
  5. पियूष कुमार (20), खाजेकला, पटना
  6. रौशन कुमार (24), नगरनौसा, नालंदा (ड्राइवर)
  7. अमर कुमार (26), बेल्छी, पटना
  8. आशीष कुमार (19), खाजेकला, पटना
  9. अमन कुमार (19), खाजेकला, पटना

बरामदगी:
पुलिस ने दो गाड़ियां, 12 मोबाइल फोन और रस्सी (जिससे पीड़ित को बांधा गया था) जब्त की है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:
इस सफल अभियान का नेतृत्व डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने किया। इसमें थानाध्यक्ष राजगीर रमन कुमार, खुदागंज थानाध्यक्ष जयप्रकाश पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, काजल कुमारी, भानु प्रताप सिंह सहित राजगीर थाना के महिला एवं पुरुष सशस्त्र बल के जवानों ने अहम भूमिका निभाई।

Leave a Comment