संपत्ति विवाद में महिला स्वास्थ्यकर्मी की गोली मारकर हत्या, गोतिया पर लगा आरोप

Written by Subhash Rajak

Published on:

विजय प्रकाश उर्फ पिन्नु
नूरसराय (अपना नालंदा)।
नूरसराय थाना क्षेत्र के डोईया गांव में शनिवार की शाम संपत्ति विवाद में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान डोईया गांव निवासी स्वर्गीय सुनील प्रसाद की पत्नी 60 वर्षीय सुशीला देवी के रूप में हुई है। वह पटना स्थित पीएमसीएच में जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) के पद पर कार्यरत थीं।

परिजनों के अनुसार, सुशीला देवी प्रतिदिन शाम को ड्यूटी पर जाती थीं और सुबह घर लौटती थीं। शनिवार को जब वह खेत से लौट रही थीं, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने पीछे से उनके सिर में गोली मार दी और फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें गंभीर अवस्था में बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के संबंध में मृतका के पुत्र सोनू कुमार ने बताया कि उनके चचेरे भाइयों के साथ करीब साढ़े चार बीघा जमीन को लेकर लम्बे समय से विवाद चल रहा था। सोनू के अनुसार, शुक्रवार से ही उन्हें धमकी दी जा रही थी कि गोली मार दी जाएगी। घटना के वक्त वह सड़क की ओर से लौट रहे थे, तभी उन्होंने अपनी मां को लहूलुहान अवस्था में सड़क किनारे गिरा हुआ देखा।

सोनू ने आरोप लगाया कि उनके चचेरे भाइयों ने ही इस हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि विवादित जमीन को लेकर पहले भी कई बार झगड़े हो चुके हैं और अब इसे जानलेवा रूप दे दिया गया है।

थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आवेदन मिलने के बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल नूरसराय थाना की पुलिस गांव में कैंप कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

Leave a Comment