बिजली खंभे के करंट से किसान की मौत, गांव में गहरा मातम

Written by Sanjay Kumar

Published on:

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। राजगीर थाना क्षेत्र के तेतर बिगहा गांव में बिजली खंभे के स्टेक में उतरे करंट की चपेट में आने से एक युवा किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सोमवार की बताई जा रही है। मृतक की पहचान रामविलास यादव (32 वर्ष), पिता राघो यादव, निवासी तेतर बिगहा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रामविलास यादव सुबह अपने खेत में फसल देखने गए थे। इसी दौरान रास्ते में लगे बिजली खंभे के स्टेक के संपर्क में वे आ गए। ग्रामीणों का कहना है कि स्टेक में पहले से करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। करंट लगते ही वे मौके पर गिर पड़े और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

Bank employees to join nationwide strike on February 12 against new labor laws


सुबह करीब 10–11 बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन के दौरान वे खेत के पास खंभे के समीप अचेत अवस्था में मिले। पास जाकर देखने पर उनकी मृत्यु की पुष्टि हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक दो भाइयों में सबसे छोटे थे और अपने पीछे पत्नी, दो पुत्रियां, एक पुत्र तथा माता-पिता छोड़ गए हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जांच व मुआवजा की मांग की है। वार्ड सदस्य निरंजन कुमार ने परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।

Leave a Comment