राजगीर में विद्या भारती की तीन दिवसीय साधारण सभा बैठक प्रारंभ
अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की तीन दिवसीय साधारण सभा बैठक शुक्रवार को राजगीर स्थित पूज्य तपस्वी जगजीवन जी महाराज सरस्वती विद्या मंदिर में प्रारंभ हुई, जो 13 अप्रैल तक चलेगी। बैठक का उद्घाटन मुख्य अतिथि संत लक्ष्मी प्रपन्न जीयर स्वामी जी महाराज और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल जी ने संयुक्त रूप से माँ शारदा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया।
बैठक की अध्यक्षता विद्या भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी. रामकृष्ण राव ने की, जबकि संचालन क्षेत्रीय मंत्री राम अवतार नरसरिया ने किया। राष्ट्रीय महामंत्री अवनीश भटनागर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की प्रस्तावना राष्ट्रीय संगठन मंत्री गोविंद चंद्र महंत ने रखी।
जीयर स्वामी जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा, “मानव जीवन की प्रथम पहचान शिक्षा है। ज्ञान के माध्यम से मनुष्य अपनी सभी कामनाओं की पूर्ति कर सकता है। राष्ट्र, समाज और परिवार के विकास के लिए शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। शिक्षा अपराध की प्रवृत्ति को नियंत्रित करती है तथा संस्कारयुक्त शिक्षा जीवन में शांति लाने का माध्यम बनती है। यह मर्यादित जीवन जीने की कला सिखाती है।”
सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल जी ने कहा कि बच्चों के गुणवत्तापूर्ण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ नैतिकता का ज्ञान आवश्यक है, जिसमें पंच प्राण पद्धति विशेष रूप से प्रभावी सिद्ध हो सकती है।
इस अवसर पर विद्या भारती की तीन महत्वपूर्ण पुस्तकों — कॉफी टेबल बुक, पंच परिवर्तन, एवं चिंतन बैठक का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विद्या भारती तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले दिवंगत विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई एवं उनकी आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखा गया।
बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत कार्य विस्तार एवं गुणवत्ता विकास पर चर्चा हुई। देशभर से 300 से अधिक प्रतिभागी इस बैठक में भाग ले रहे हैं। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे यह स्थान लघु भारत का स्वरूप प्रस्तुत कर रहा है।
इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने घोष की विभिन्न कलाओं का प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रविंद्र कन्हारे, राजेंद्र प्रसाद खेतान, कोषाध्यक्ष जैनपाल जैन, कमल किशोर सिन्हा, क्षेत्रीय सह मंत्री राणा पुरुषोत्तम कुमार सिंह, मोहन सिंह, दिनेश कुमार, मनोज कुमार, प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, रामलाल सिंह, नकुल कुमार शर्मा, भरत पूर्वे, प्रधानाचार्य अनंत कुमार सिन्हा समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।