गंगाजल आपूर्ति योजना और पंचाने सिंचाई योजना का डीएम ने किया निरीक्षण, 50 हजार किसानों को मिलेगा लाभ

Written by Subhash Rajak

Updated on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)। 17 जुलाई को नालंदा के जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने भ्रमण कार्यक्रम के तहत गंगाजल आपूर्ति योजना के अंतर्गत राजगीर स्थित “गंगाजी जलाशय” का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने राजगीर एवं नवादा क्षेत्र में जलापूर्ति की चरणबद्ध प्रक्रिया—गंगा नदी से अशोधित जल के उठाव, भंडारण, शोधन और वितरण की प्रगति की जानकारी ली।

बाढ़ अवधि को ध्यान में रखते हुए 1 जुलाई से हाथीदह, मोकामा के पास निर्मित इन्टेक सह पम्प हाउस से गंगाजल को लिफ्ट कर पाइप के माध्यम से राजगीर जलाशय में भराव किया जा रहा है। इस जलाशय की कुल क्षमता 9.81 मिलियन घन मीटर है, जिसके विरुद्ध अब तक लगभग 3.0 मिलियन घन मीटर गंगाजल भर लिया गया है।

जिला पदाधिकारी ने जलाशय के महत्वपूर्ण अवयवों जैसे स्पिलवे और बाँध का सूक्ष्म निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) को जलाशय निर्माण से आसपास के क्षेत्रों में भूगर्भ जलस्तर में हुए परिवर्तन की जानकारी एकत्रित करने का निर्देश दिया।

इसके साथ ही डीएम ने डिटेंशन टैंक सह पम्प हाउस का भी निरीक्षण किया और पम्पों के संचालन की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा प्रगति यात्रा के क्रम में घोषित पंचाने सिंचाई योजना के पुनर्स्थापन कार्य की भी समीक्षा की। इस योजना के अंतर्गत नहर प्रणाली का भी जायजा लिया गया।

योजना के पूर्ण होने पर ह्रासित कमांड क्षेत्र 9,880 एकड़ (लगभग 4,000 हेक्टेयर) तथा कुल 24,700 एकड़ (10,000 हेक्टेयर) भूमि में पुनः सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे गिरियक, सिलाव, राजगीर और बिहारशरीफ प्रखंडों के अंतर्गत आने वाले 60 गांवों के 50,000 से अधिक किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। इन गांवों में गिरियक, घोसरावां, प्यारेपुर, रैतर, पुरैनी, बराकर, पावाडीह, घोसतावां, गोरमा, करियन्ना, माहुरी, नानंद, नीरपुर, सब्बैत, नईपोखर, तेतरावां, छातो, सिंधु और हरगांव शामिल हैं।

निरीक्षण के अवसर पर उप विकास आयुक्त, प्रशिक्षु समाहर्ता, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी, संबंधित कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment