हरनौत की दिव्या कुमारी ने मैट्रिक में 481 अंक लाकर बढ़ाया मान, विद्यालय में हुआ भव्य सम्मान समारोह

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)।
हरनौत नगर पंचायत के आदर्श नगर मोहल्ले में स्थित प्रोजेक्ट बालिका प्लस टू हाई स्कूल की छात्रा दिव्या कुमारी ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा में 500 में से 481 अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दिव्या ने 96.2 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य स्तर पर दसवां स्थान प्राप्त किया है, जबकि जिले में दूसरा स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता पर सोमवार को विद्यालय परिसर स्थित सुपर स्मार्ट क्लास कक्ष में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी सह नगर पंचायत के उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सुरेश सिंह तथा संकुल समन्वयक राजाराम पासवान उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार ने की, जबकि संचालन शिक्षक नितिश कुमार ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और छात्रा के सम्मान के साथ हुई।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य लोगों ने दिव्या कुमारी की प्रतिभा की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्य अतिथि सुरेश सिंह ने कहा कि यह पूरे नगर पंचायत के लिए गर्व की बात है कि इसी विद्यालय की छात्रा ने राज्य स्तर पर दसवां स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले वर्ष 2006 में भी इसी विद्यालय की एक छात्रा राज्य की टॉपर रह चुकी है। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से उत्कृष्ट प्रदर्शन करता आ रहा है और यहां की छात्राएं लगातार सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं।


संकुल समन्वयक राजाराम पासवान ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय के शिक्षकों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की है, जिसका परिणाम आज दिव्या कुमारी की शानदार सफलता के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि दिव्या ने 500 में 481 अंक प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि शहरी संसाधन केंद्र, जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने विद्यालय की अन्य छात्राओं को भी दिव्या से प्रेरणा लेने की सलाह दी।
समारोह के दौरान अतिथियों ने दिव्या कुमारी को अंगवस्त्र, कॉपी-कलम, फूलों की माला और नगद राशि देकर सम्मानित किया। साथ ही शिक्षिकाओं ने मिठाई खिलाकर छात्रा का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर दिव्या के पिता राजेश कुमार भी उपस्थित थे। उन्हें भी फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया गया तथा स्मृति चिह्न प्रदान किया गया।
दिव्या की कक्षा शिक्षिका खुशबू कुमारी ने बताया कि वह सेक्शन सी की छात्रा थी और शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही है। उन्होंने कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में कम नहीं हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार सत्र 2025-26 में इस स्कूल से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा में कुल 610 छात्राएं शामिल हुई थीं। अपनी सफलता पर प्रसन्न दिव्या कुमारी ने बताया कि उसका सपना भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान में पढ़ाई कर एक सफल इंजीनियर बनना है।
कार्यक्रम में समाजसेवी शैलेश सिंह, सुनील कुमार ग्वास्कर, प्रणीत कुमार विद्यार्थी, खुशबू कुमारी, रीना, मोहम्मद फैजल, विश्वनाथ, विरेंद्र, निकेश, शोभा, अंकिता, नंदनी सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment