सवर्ण न्याय महासम्मेलन में अधिकारों की मांग, सरकार से नीति में बदलाव कि अपील

Written by Sanjay Kumar

Published on:

सुजीत कुमार
पटना (अपना नालंदा)। विद्यापति भवन में अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा द्वारा सवर्ण न्याय महासम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें बिहार और झारखंड से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि सवर्ण समाज को बराबरी के अधिकार और योजनाओं में समान भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने यूजीसी से संबंधित प्रावधानों की समीक्षा, सवर्ण छात्रवृत्ति, छात्रावास, आयोग और विशेष बजट जैसी मांगों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं की संरचना ऐसी है जिससे सवर्ण समाज को पर्याप्त लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से मांग की कि सभी वर्गों की तरह सवर्ण समाज के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए भी अलग योजनाएं बनाई जाएं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर देशव्यापी आंदोलन तेज किया जाएगा।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अन्य पदाधिकारियों ने भी सवर्ण समाज के लिए नीतिगत सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज को न्याय, समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए। कार्यक्रम में केंद्र और राज्य नेतृत्व, विशेषकर नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार से मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरेश श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक चौहान ने किया। अंत में अतिथियों को सम्मानित किया गया और आयोजकों ने इसे सामाजिक अधिकारों के लिए एकजुटता का मंच बताया।

Leave a Comment