संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)। दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर राष्ट्रीय जनता दल के युवा नेता व बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र से संभावित प्रत्याशी दानिश मलिक ने नगर क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की और माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना कर बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की।पूरे भ्रमण के दौरान दानिश मलिक ने आम नागरिकों, व्यापारियों, युवाओं और महिलाओं से संवाद स्थापित किया।

उन्होंने स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि वे जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाते रहेंगे।दानिश मलिक ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं बल्कि हमारी संस्कृति, एकता और गंगा-जमुनी तहज़ीब का प्रतीक है। यह त्योहार सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता है।पंडाल भ्रमण के दौरान उन्होंने विशेष रूप से नालंदा पुलिस प्रशासन की सराहना की और कहा कि शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता को दर्शाता है। उन्होंने इसके लिए पुलिस व प्रशासन को धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर विभिन्न पंडाल समितियों और श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। युवाओं ने भी उनके साथ पैदल भ्रमण कर जनसंपर्क अभियान को सशक्त बनाया।कार्यक्रम के अंत में दानिश मलिक ने कहा कि राजनीति को वे सेवा का माध्यम मानते हैं। जनता का आशीर्वाद और माँ दुर्गा की कृपा बनी रही तो बिहारशरीफ को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जाने का संकल्प पूरा करेंगे।