Written by Subhash Rajak

Published on:

राहुल गांधी की मतदाता अधिकार यात्रा में उमड़ी भीड़, तेजस्वी बोले– बिहार में बदलाव तय

संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)।19 अगस्त को आयोजित मतदाता अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, भाकपा-माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और वीआईपी प्रमुख मुकेश साहनी समेत महागठबंधन के कई शीर्ष नेता नालंदा पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं और आम जनता ने उनका भव्य स्वागत किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेश प्रसाद अकेला ने बताया कि राहुल गांधी गया से नवादा, नालंदा होते हुए शेखपुरा जा रहे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर उनका अभूतपूर्व स्वागत किया। चंडी के पूर्व विधायक अनिल सिंह ने कहा कि “राहुल गांधी की यात्रा में उमड़ी जनसैलाब ने एनडीए नेताओं की नींद उड़ा दी है।”

महागठबंधन नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत खराठ मोड़ (नवादा जिला सीमा) से लेकर गिरियक प्रखंड (राजगीर विधानसभा क्षेत्र) के सैदपुर, खानपुरा, जलालपुर, पहलहुआ तक और अस्थावां प्रखंड के नौरोजपुर एवं खेतलपुरा गांवों तक किया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों से राहुल गांधी का अभिनंदन किया।
सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर चुनाव आयोग गरीब-गुरबा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काट रहा है। इससे पहले भी कर्नाटक और महाराष्ट्र में ऐसा किया गया। जनता को सजग करने और इस साजिश के खिलाफ जागरूक करने के लिए ही मैंने यह यात्रा शुरू की है।”
इस मौके पर तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार और एनडीए पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “बिहार में केंद्र सरकार घबराई हुई है। मेरे 17 महीने के उपमुख्यमंत्री कार्यकाल में हुए विकास कार्यों से एनडीए बौखला चुका है। एनडीए को न तो बेरोजगारी की चिंता है, न महंगाई और विकास की। इस बार जनता पूरी तरह बदलाव का मन बना चुकी है।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आगामी चुनाव में पूरे दमखम के साथ जुट जाएं।

इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, पूर्व विधायक रवि ज्योति कुमार, पूर्व प्रत्याशी कौशलेंद्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया, पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार, सुनील कुमार सिन्हा, अनिल कुमार अकेला संजय पासवान, माले नेता अनिल पटेल समेत हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे।
आयोजित सभा में राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, विधायक राकेश कुमार रोशन, अशोक कुमार हिमांशु, कांग्रेस नेता जिलाध्यक्ष नरेश कुमार अकेला, डॉ. सत्येंद्र बिंद, हुमायूं अख्तर तारीक , दीपक कुमार, डॉ. आयशा फातिमा, डॉ. जगदीश प्रसाद, हैदर आलम, अनोज सिंह, पवन यादव, फारूक आजम, नागमणि सिंह, अनिल महाराज, देवेंद्र सिंह, रवि रंजन कुमार और पूर्व विधायक सतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पूरे कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी।

Leave a Comment