अपना नालंदा संवाददाता
राजगीर।कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 6 जून को पहली बार राजगीर आ रहे हैं। उनके दौरे को लेकर राजगीर में तैयारियां जोरों पर हैं। वे यहां राजगीर अंतरराष्ट्रीय समागम केंद्र (RICC) में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेंगे, जिसका आयोजन कांग्रेस के अति पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के बैनर तले किया जा रहा है।
सम्मेलन के जरिए राहुल गांधी अति पिछड़ा वर्ग और दलित समुदाय को कांग्रेस से जोड़ने की रणनीति पर काम करेंगे। वे हेलीकॉप्टर से राजगीर पहुंचेंगे और सम्मेलन में शामिल होने से पहले मगध सम्राट जरासंध एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे। इसके अलावा वे “पहाड़ पुरुष” दशरथ मांझी द्वारा निर्मित ऐतिहासिक मार्ग का भी दौरा करेंगे।
इस कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी गया में महिलाओं से संवाद भी करेंगे। राजगीर सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के अति पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शशि भूषण पंडित ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था बुरी तरह चरमराई हुई है और अति पिछड़ा वर्ग एवं दलित समाज अपराध का शिकार बन रहा है।
उन्होंने मुजफ्फरपुर और दरभंगा जैसी घटनाओं का हवाला देते हुए बताया कि राहुल गांधी इन पीड़ितों से मिलकर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा देंगे। सम्मेलन में केवल पासधारकों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
शशि भूषण पंडित ने कहा कि यह सम्मेलन “मनुवादी संस्कृति” के खिलाफ कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। इसका उद्देश्य अति पिछड़ा वर्ग को संविधान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि बिहार में अति पिछड़ा वर्ग की आबादी करीब 38% है और भविष्य के विधानसभा चुनाव में उनकी जनसंख्या के अनुपात में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने सत्तारूढ़ एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने अति पिछड़ों को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है। सम्मेलन में अति पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जैन, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, साउथ बिहार प्रभारी देवेंद्र यादव, बिहार प्रभारी कृष्ण अल्लावारु, शाहनवाज आलम सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे।
राहुल गांधी की सुरक्षा टीम 5 जून तक राजगीर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेगी। इस मौके पर पूर्व विधायक रवि ज्योति कुमार ने राहुल गांधी को “न्याय योद्धा” बताया और कहा कि वर्तमान समय में अति पिछड़ा समाज भय के माहौल में जी रहा है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह विफल हो चुका है और सत्ता पक्ष के लोग पद एवं अधिकारों का दुरुपयोग कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि बिहार में भ्रष्टाचार चरम पर है और अब जनता कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। दक्षिण से उत्तर तक कांग्रेस के समर्थन में लहर चल रही है और आगामी चुनावों में कांग्रेस के विधायक बड़ी संख्या में जीतकर आएंगे।
इस प्रेस वार्ता में कांग्रेस के प्रांतीय नेता श्यामदेव राजवंशी और संजीव कुमार बिट्टू भी मौजूद रहे।