संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, राजेंद्र आश्रम, बिहारशरीफ में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की 34वीं पुण्यतिथि शहादत दिवस के रूप में श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई। इसी अवसर पर बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय सदानंद सिंह की 82वीं जयंती भी मनाई गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजगीर के पूर्व विधायक रवि ज्योति कुमार ने की। कार्यक्रम की शुरुआत राजीव गांधी एवं सदानंद सिंह के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर केंद्रित एक वैचारिक गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रवि ज्योति ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी केवल कांग्रेस पार्टी के ही प्रतीक नहीं थे, बल्कि वह देश के दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता थे। भारत में संचार क्रांति और कंप्यूटर युग की शुरुआत उन्हीं के प्रयासों का परिणाम है, जिसका लाभ आज हर भारतीय उठा रहा है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी एक दक्ष पायलट भी थे और कई बार प्रधानमंत्री रहते हुए भी उन्होंने विमान उड़ा कर लोगों को चौंका दिया था।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य दिलीप कुमार ने कहा कि राजीव गांधी विलक्षण प्रतिभा के धनी थे। पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, युवाओं को 18 वर्ष की उम्र में मताधिकार देने जैसे ऐतिहासिक निर्णय उनके युगदृष्टा सोच को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में मोबाइल और कंप्यूटर जैसी सुविधाएं स्वर्गीय राजीव गांधी की सोच की ही देन हैं।
पूर्व जिला अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सिंह और पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजीव कुमार मुन्ना ने भी स्वर्गीय राजीव गांधी के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम सच्चे कांग्रेसी उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए संकल्पित हैं और नालंदा जिले में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में सोशल मीडिया अध्यक्ष उदय शंकर कुशवाहा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष कैप्टन शाहिद, अधिवक्ता सुनील कुमार, फवाद अंसारी, राजीव रंजन कुमार, संजय पासवान, राजेश्वर प्रसाद, राजेश कुमार, सुनील कुमार सिंह, महताब आलम गुड्डू, सुभाष यादव, अजीत कुमार, नंदू पासवान, रंजीत पांडेय, रमेश कुमार, विवेकानंद पासवान, दीपक कुमार समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।




