अपना नालंदा संवाददाता
इस्लामपुर । भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 61वीं पुण्यतिथि पर इस्लामपुर प्रखंड कांग्रेस कमिटी द्वारा मंगलवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अरविंद आश्रम में प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सर्वेश कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित नेहरू के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और मौन श्रद्धांजलि देकर की गई। उपस्थित कांग्रेसजनों ने पंडित नेहरू के विचारों और योगदान को याद करते हुए उन्हें आधुनिक भारत का शिल्पकार बताया।
नेताओं ने कहा कि पंडित नेहरू ने भारत को न केवल एक सशक्त लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया, बल्कि विश्व मंच पर शांति और सह-अस्तित्व का संदेश भी दिया। उनके कार्यकाल में देश ने औद्योगिक, शैक्षणिक और वैज्ञानिक क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके पदचिह्नों पर चलने और लोकतंत्र तथा विकास की दिशा में काम करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष अनुज कुमार, प्रमोद कुमार सोनू, दीपू कुमार, गुड्डू कुमार, विनय कुमार, अमरकांत कुमार, संतोष कुमार, कारू कुमार सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।



