राजगीर विधानसभा में कांग्रेस की तैयारी तेज़, कार्यकर्ता कार्यशाला में उठी रवि ज्योति को टिकट देने की मांग

Written by Subhash Rajak

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)।सोमवार को बिहारशरीफ प्रखंड के दीपनगर में राजगीर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व मंत्री विनोद चंद्राकर, महिला कांग्रेस की प्रभारी उषा चौबे तथा पूर्व विधायक रवि ज्योति मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यशाला की शुरुआत पूर्व विधायक रवि ज्योति द्वारा अतिथियों को अंगवस्त्र और पुष्प माला भेंट कर स्वागत करते हुए हुई। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पर्यवेक्षक विनोद चंद्राकर ने कहा कि “पार्टी की रीढ़ आप कार्यकर्ता हैं। आप ही की ताकत से कांग्रेस को मजबूती मिलती है। अगर राजगीर विधानसभा सीट महागठबंधन से कांग्रेस को मिलती है तो रवि ज्योति की दावेदारी सबसे मजबूत है।”

उन्होंने कांग्रेस की नई योजना ‘माई-बहन मान योजना’ पर भी विस्तृत चर्चा करते हुए बताया कि “राजगीर विधानसभा क्षेत्र में लगभग तीन लाख अठ्ठाइस हजार मतदाता हैं, जिनमें से लगभग डेढ़ लाख महिलाएं हैं। इस योजना के तहत 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को हर माह ₹2,500 की सहायता दी जाएगी।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर इस योजना का प्रचार करें और फार्म भरवाएं।

इस दौरान कांग्रेस नेता दिलीप कुमार ने कहा, “राजगीर विधानसभा कांग्रेस का गढ़ बन चुका है। हर पंचायत और नगर पंचायत से दो-दो कार्यकर्ता आज यहां मौजूद हैं। इससे स्पष्ट होता है कि रवि ज्योति ही सबसे उपयुक्त प्रत्याशी हैं। पार्टी को उन्हीं को टिकट देना चाहिए।”

पूर्व विधायक रवि ज्योति ने कहा कि “अगर पार्टी मुझे उम्मीदवार बनाती है या किसी और को भी बनाती है, तो हम सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से उसे जिताने का काम करेंगे।” लेकिन जैसे ही उन्होंने यह कहा, कार्यकर्ताओं ने एक सुर में नारा लगाया — “हमें कोई और नहीं, सिर्फ रवि ज्योति चाहिए।”
कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अन्य दावेदारों के पास न तो जनाधार है और न ही संगठनात्मक ताकत।

कार्यशाला में महिला कार्यकर्ताओं की भी अच्छी भागीदारी रही। कार्यक्रम के अंत में महिला कांग्रेस की प्रभारी उषा चौबे एवं जिलाध्यक्ष रागिनी रीना सिंह ने महिलाओं को सेनेटरी पैड वितरित किए और माई-बहन योजना की जानकारी दी। यह पैड अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा द्वारा भेजे गए थे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद नेता उपेंद्र यादव ने की जबकि मंच संचालन जंग बहादुर सिंह ने किया। इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सिंह, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष फवाद अंसारी, उदय कुशवाहा, अश्विनी गौरव सहित राजगीर विधानसभा के चारों प्रखंड अध्यक्ष — मनोज कुमार, सुनील कुमार सिंह, राजेश रोशन, रंजीत कुमार पांडे — एवं विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य व वार्ड सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment