संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)।गुरुवार को पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. जगदीश प्रसाद ने राजगीर विधानसभा क्षेत्र के सिलाव, शाहपुर, पाकी एवं फतेहपुर गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की विचारधारा को गांव-गांव पहुंचाने का काम किया।
ग्रामीणों से संवाद करते हुए डॉ. प्रसाद ने कहा कि अगर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनती है तो “माई बहन सम्मान योजना” के तहत प्रत्येक महिला को ₹2500 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक परिवार को हर महीने 200 यूनिट बिजली मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने वर्तमान बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के पास खुद का कोई विजन नहीं है, और अब वह महागठबंधन की योजनाओं की नकल करने में लगी है। उन्होंने झारखंड सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की सरकार पहले से ही ऐसी योजनाओं को लागू कर लाभ दे रही है।
डॉ. प्रसाद ने यह भी बताया कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत करा रहे हैं।
उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे भ्रमित न हों और राहुल गांधी के नेतृत्व में देश और बिहार के भविष्य को सुरक्षित हाथों में सौंपें।