जातीय जनगणना से वंचित वर्गों को मिलेगा अधिकार: मंत्री श्रवण कुमार ने बताया नीतीश कुमार का सपना हुआ साकार

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार शनिवार को बिहारशरीफ सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा देश में जातीय जनगणना कराए जाने के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस पहल के लिए बधाई दी और कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वर्षों से इसकी मांग कर रहे थे। अब केंद्र की स्वीकृति से यह नीतीश कुमार के सपने के साकार होने जैसा है।

मंत्री ने कहा कि बिहार ने पहले ही राज्य स्तर पर जातीय गणना कर एक मिसाल कायम की थी। अब जब यह प्रक्रिया राष्ट्रीय स्तर पर लागू होगी, तो इससे सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की पहचान कर उनके उत्थान के लिए ठोस योजनाएं बनाई जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह कदम सामाजिक न्याय की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।

इस दौरान उन्होंने शराबबंदी के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा, “ना राधा को नौ मन घी मिलेगा, ना राधा नाचेगी।” मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि शराबबंदी कानून में किसी प्रकार की छेड़छाड़ की गई, तो बिहार की आधी आबादी, अर्थात महिलाएं, इसका कड़ा विरोध करेंगी। उन्होंने शराबबंदी को महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताया।

Leave a Comment