हरनौत (अपना नालंदा)। स्थानीय प्रखंड के कल्याण बिगहा गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में सोमवार को वार्षिक बाल मेला सह उत्सव स्पोर्ट्स मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, खेल भावना तथा सामाजिक विकास को बढ़ावा मिलता है।
बाल मेला में विद्यालय के शिक्षक सौरभ झा, ब्यूटी कुमारी, अमरजीत सिंह, रजनी कुमारी, महिपाल राज, प्रियंका कुमारी, श्वेता कुमारी, अमर कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 32 (कुर्मी टोला) के बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे परिसर में बच्चों की चहल-पहल और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
बाल मेला के दौरान बच्चों के लिए दौड़, बिस्किट दौड़ एवं म्यूजिकल चेयर जैसी रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले अयांश कुमार, अंशिका कुमारी, अणु कुमारी, आदित्य कुमार, त्रिशा कुमारी एवं शिवम कुमार को बैग, कॉपी-कलम सहित अन्य स्टेशनरी सामग्री एवं मेडल देकर पुरस्कृत किया गया।
मौके पर आंगनबाड़ी सेविका कुमारी रेखा सिन्हा एवं सहायिका सुनीता देवी भी उपस्थित थीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए भविष्य में नियमित रूप से इस प्रकार के आयोजन करने की बात कही गई। आयोजन को लेकर बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखा गया।
कल्याण बिगहा विद्यालय में बाल मेला सह स्पोर्ट्स मीट आयोजित
Written by Sanjay Kumar
Published on:







