हिलसा (अपना नालंदा)। प्राथमिक विद्यालय ब्लॉक कॉलोनी हिलसा एवं प्राथमिक विद्यालय कौड़िया विगहा में सोमवार को बाल मेला का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेवी डॉ. आशुतोष कुमार मानव ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने वाले छात्र-छात्राएँ ही भविष्य में सफलता के उच्च शिखर तक पहुंचते हैं। ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम होते हैं।
मेले में चम्मच दौड़, कुर्सी दौड़, लंबी कूद, खो-खो समेत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दर्जनों शिक्षाविद और अभिभावकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका खुशबू भारती ने अतिथियों का स्वागत पुष्पमाला, अंगवस्त्र और गुलदस्ता देकर किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में नियमित रूप से सामाजिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, जिससे विद्यार्थियों की प्रतिभा का समग्र विकास हो सके।
कार्यक्रम के दौरान कई बच्चों ने खेल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अभिभावकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद निरंजन कुमार, वीणा कुमारी, संतोष कुमार पार्थ, मलका यासमीन, आमना प्रवीण, बेबी कुमारी, तृप्ति कुमारी, रितेश रंजन, आशा देवी, दरकशा बानो और अंजनी कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
हिलसा बाल मेले में बच्चों ने खेल और कला में दिखाया दम
Written by Sanjay Kumar
Published on:







