मातृ-पितृ पूजन दिवस पर बच्चों ने जताया सम्मान, भावुक हुए अभिभावक

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार,बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। स्थानीय विद्यालय सरस्वती शिशु मंदिर, गोरक्षिणी में शनिवार को ‘मातृ-पितृ पूजन दिवस’ बड़े हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी में भारतीय संस्कारों का विकास करना तथा बच्चों के मन में माता-पिता के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना जागृत करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ऋचा कुमारी ने सभी अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि माता-पिता ईश्वर के समान होते हैं और आधुनिक जीवन की व्यस्तता में बच्चों का अपने पारिवारिक मूल्यों से जुड़ाव बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम की संयोजक अवंती प्रिया के निर्देशन में विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता का पारंपरिक विधि से पूजन किया। बच्चों ने चरण स्पर्श कर पुष्प अर्पित किए, तिलक लगाया और आरती उतारी। यह भावपूर्ण दृश्य देखकर अनेक अभिभावक भावुक हो उठे और बच्चों को आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर छात्रों ने माता-पिता को समर्पित गीत, कविता तथा लघु नाटिकाएँ प्रस्तुत कर उपस्थित जनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम प्रमुख अवंती प्रिया ने कहा कि यह आयोजन केवल परंपरा नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का माध्यम है, जिससे बच्चे नैतिकता और संस्कारों में आगे बढ़ते हैं।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अभिभावकों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Comment