संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को नवादा जिले के नारदीगंज अंचल स्थित मोतनाजे ग्राम के पास बने गंगाजी राजगृह जलाशय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि गंगाजी जल आपूर्ति योजना का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है और सुरक्षा की दृष्टि से जलाशय के चारों ओर लोहे की जाली लगाई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत गया, बोधगया, नवादा और राजगीर सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों को गंगाजल शुद्ध पेयजल के रूप में उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि जल आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए और परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित तथा पर्यावरण अनुकूल बनाए रखा जाए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने गृद्धकूट भवन का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने गृद्धकूट भवन से नए रोप-वे तक का निरीक्षण करते हुए पर्यटकीय सुविधाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्यटन अनुभव सुखद रहे।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर पहुंचकर मलमास मेला-2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान कुंदन कुमार (जिलाधिकारी, नालंदा) ने मेला संबंधी तैयारियों का प्रस्तुतीकरण करते हुए आवासन, पेयजल, साफ-सफाई, यातायात, चिकित्सा एवं सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मलमास मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, इसलिए सभी बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ और सुचारु रहें। उन्होंने विशेष रूप से घाटों की स्वच्छता, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, आवागमन के मार्गों की मरम्मत तथा चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने पर बल दिया। साथ ही प्रशिक्षित पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में धार्मिक अनुष्ठान कर सकें।

निरीक्षण के दौरान श्रवण कुमार, कौशलेंद्र कुमार, कृष्ण मुरारी शरण, कौशल किशोर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, आयुक्त अनिमेष पराशर, पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र राणा व क्षत्रनील सिंह, नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश, नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी तथा नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान समेत अनेक वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अंत में अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर आयोजन को सफल बनाएं।







