हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी धर्मपत्नी स्वर्गीय मंजू कुमारी सिन्हा की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस क्रम में उन्होंने सबसे पहले पटना स्थित मंजू कुमारी सिन्हा स्मृति पार्क, कंकड़बाग जाकर स्व. मंजू सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा (प्रखंड हरनौत, जिला नालंदा) स्थित कविराज रामलखन सिंह स्मृति वाटिका पहुँचे, जहाँ उन्होंने स्व. मंजू कुमारी सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही उन्होंने अपनी माता स्व. परमेश्वरी देवी एवं पिता कविराज स्व. रामलखन सिंह की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सुपुत्र निशांत कुमार, बड़े भाई सतीश कुमार सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्व. मंजू सिन्हा को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांव स्थित देवी मंदिर में राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि के लिए पूजा-अर्चना की। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएँ सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान हेतु निर्देश भी दिए।
श्रद्धांजलि समारोह में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयकांत मिश्रा, विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, विधायक जितेंद्र कुमार, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, पूर्व विधान पार्षद राजू यादव, पूर्व विधायक ई. सुनील, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा, बिहार राज्य नागरिक परिषद के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह समेत कई गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने स्व. मंजू कुमारी सिन्हा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।




