मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया राजगीर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन, खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र और सम्मान राशि प्रदान की

Written by Subhash Rajak

Published on:

संजय कुमार/अखिलेंद्र कुमार
राजगीर(अपना नालंदा)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को नालंदा जिले के राजगीर में नवनिर्मित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण किया। उन्होंने पवेलियन और क्रिकेट ग्राउंड का शिलापट्ट अनावरण एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्टेडियम परिसर का भ्रमण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उपस्थित खिलाड़ियों और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

18 एकड़ क्षेत्र में निर्मित इस स्टेडियम में लगभग 40,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है। पवेलियन (G+5) आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। महाराष्ट्र की लाल मिट्टी से 6 पिचें और मोकामा की काली मिट्टी से 7 पिचें तैयार की गई हैं। बरसात के मौसम में जलजमाव से बचाव के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम लगाया गया है। बीसीसीआई के मानकों पर तैयार यह मैदान राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मैचों की मेजबानी के लिए पूरी तरह सक्षम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्टेडियम न केवल बिहार की खेल संस्कृति को नई ऊँचाइयाँ देगा बल्कि राजगीर को खेल पर्यटन के अंतर्राष्ट्रीय नक्शे पर स्थापित करेगा।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने राज्य खेल अकादमी, राजगीर में आयोजित समारोह में 87 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के चयन पत्र और 812 खिलाड़ियों के बीच लगभग 8 करोड़ रुपये की खेल सम्मान राशि वितरित की।
मुख्यमंत्री ने पुलिस अवर निरीक्षक पद पर चयनित खिलाड़ियों — अंशिका कुमारी, सपना कुमारी, पायल प्रीति, निखत खातून, खुशबू कुमारी, सुल्ताना बानो, स्वीटी कुमारी, माही श्वेतराज, नीरज कुमार और बॉबी कुमार — को सांकेतिक रूप से चयन पत्र प्रदान किया। इन 10 खिलाड़ियों में 8 महिला और 2 पुरुष खिलाड़ी शामिल थे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों शैलेश कुमार (₹75 लाख), बॉबी कुमार (₹35 लाख) और गोल्डी कुमारी (₹10 लाख) को खेल सम्मान राशि के चेक प्रदान किए।

‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत इस वर्ष 87 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी गई है, जिनमें 39 महिला और 48 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। विभिन्न विभागों में इनकी नियुक्ति क्लास-1 से लेकर लिपिकीय पदों तक की गई है।

वर्ष 2022 से 2025 तक बिहार सरकार द्वारा कुल 2085 खिलाड़ियों के बीच लगभग ₹23.5 करोड़ की खेल सम्मान राशि वितरित की जा चुकी है।

कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम निर्माण और राज्य में खेल अवसंरचना विकास पर आधारित दो लघु फिल्में भी प्रदर्शित की गईं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, विधायकगण कौशल किशोर, डॉ. जितेंद्र कुमार, कृष्ण मुरारी शरण (प्रेम मुखिया), श्रीमती रीना यादव, तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डॉ. बी. राजेन्द्र, अनुपम कुमार, कुमार रवि, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, कुंदन कुमार, भारत सोनी, सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Comment