संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को नालंदा जिले के राजगीर क्षेत्र में प्रस्तावित और निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने सालेपुर-राजगीर बुद्ध सर्किट फोरलेन पथ के एलायनमेंट तथा निर्माणाधीन राजगीर क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राजगीर खेल परिसर में मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस स्टेडियम में 40 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। साथ ही खिलाड़ियों, दर्शकों, मीडिया और अन्य आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्हें राजगीर में चल रहे विभिन्न विकास योजनाओं, वैकल्पिक संपर्क मार्गों तथा क्रिकेट स्टेडियम निर्माण की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजगीर में चल रहे सभी विकास कार्यों में तेजी लाएं ताकि योजनाओं को समय पर पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक पथों के निर्माण से राजगीर की पहुंच बेहतर होगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

इससे पूर्व पटना से राजगीर जाते समय मुख्यमंत्री ने नालंदा जिले के सालेपुर मोड़ और बेलऊआ में प्रस्तावित सालेपुर-राजगीर बुद्ध सर्किट फोरलेन पथ के एलायनमेंट का स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस फोरलेन पथ में रेलवे लाइन के ऊपर एक एलिवेटेड रोड (उच्च पथ) का निर्माण प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के बन जाने से पटना से राजगीर की यात्रा और भी सुगम हो जाएगी, जिससे समय की बचत होगी और आम यात्रियों को राहत मिलेगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हसनपुर में निर्माणाधीन डाइवर्सन स्थल का भी निरीक्षण किया और कार्य में तेजी लाने को कहा।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित थे— नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार, हिलसा विधायक कौशल किशोर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पथ विकास निगम लिमिटेड के एमडी शीर्षत कपिल अशोक, नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम., नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी सहित अन्य वरीय अधिकारी।