बिहारशरीफ से 20 अप्रैल को शुरू होगा छत्रपति शिवाजी महाराज सामाजिक समरसता अभियान

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ । बिहारशरीफ स्थित श्रम कल्याण केंद्र मैदान से आगामी 20 अप्रैल 2025 (रविवार) को छत्रपति शिवाजी महाराज सामाजिक समरसता अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसकी जानकारी छत्रपति शिवाजी महाराज परिवार के संयोजक प्रणव प्रकाश ने दी।

उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और कार्यों से प्रेरणा लेकर समाज में सामाजिक समरसता एवं एकता को बढ़ावा देना है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट किया जाएगा।

प्रणव प्रकाश ने कहा कि शिवाजी महाराज को आज भगवान का दर्जा प्राप्त है, जो उनके द्वारा किए गए धर्म, संस्कृति और लोक कल्याण के कार्यों के कारण है।

उन्होंने न सिर्फ समाज की सेवा की, बल्कि मानवीय मूल्यों और भारतीय अस्मिता की रक्षा करते हुए उच्चतम आदर्शों को अपनाया। उन्हें ‘सकल विश्व का रक्षक’ कहा गया और भगवान स्वरूप माना गया।

आक्रांताओं द्वारा जब भारतीय संस्कृति और पहचान को मिटाने का प्रयास हुआ, तब शिवाजी महाराज ने अपना सर्वस्व बलिदान देकर देश और संस्कृति की रक्षा की। उन्होंने अदम्य साहस और दृढ़ निश्चय से भारत को अखंड बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन पर और उनके परिवार पर अनेक बार क्रूर प्रहार हुए, लेकिन उन्होंने अपने शौर्य और पराक्रम से दुश्मनों के दुष्ट इरादों को विफल कर दिया।

शिवाजी महाराज ने अपने शासन में सामाजिक न्याय की सशक्त नीतियाँ लागू कीं। उन्होंने दलितों, पिछड़ों, महिलाओं और सभी वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा की। इसी कारण आज समाज का हर वर्ग उन्हें भगवान के रूप में सम्मानित करता है।

प्रणव प्रकाश ने सभी बिहारवासियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें, ताकि शिवाजी महाराज के आदर्शों को अपनाते हुए एक समरस और संगठित समाज का निर्माण किया जा सके।

Leave a Comment