भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न, विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
इसलामपुर । नगर स्थित गया रोड के वृंदावन वाटिका में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र का सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता नगर मंडल अध्यक्ष सत्येंद्र प्रसाद ने की, जबकि मंच संचालन एकंगरसराय ग्रामीण मंडल अध्यक्ष टुनटुन मुखिया ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा विधान पार्षद लाल मोहन गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन पूरे बिहार में चल रहा है, जो रविवार को संपन्न हो जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी 13 अप्रैल से संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गरीब एवं पिछड़े वर्ग के मोहल्लों में जाकर डॉ. अंबेडकर के विचारों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गरीबों के हित में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार की राज्य सरकार और केंद्र की मोदी सरकार ने जितना काम गरीबों के लिए किया है, उतना कार्य किसी अन्य सरकार ने नहीं किया।

विधान पार्षद लाल मोहन गुप्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने डॉ. अंबेडकर को सच्चा सम्मान दिया, जबकि कांग्रेस ने हमेशा उन्हें अपमानित किया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह संविधान लेकर घूम रहे हैं, जबकि 1975 में आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने संविधान का गला घोंटने का काम किया था।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) आगामी चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेगा और दो तिहाई बहुमत से 225 सीटों के साथ सरकार बनाएगा।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव, विजय विश्वकर्मा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुफ़यान आलम, नीलम देवी, वरुण सिंह, उजाला सोनी, टिंकू यादव, दीपक कुमार, योगेश चंद्रवंशी, राजकिशोर प्रसाद, सूर्यभूषण सिंह, मदन प्रसाद, राजीव कुमार सहित कई अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment