संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी, नालंदा जिला अध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में बिहारशरीफ परिसदन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि और वक्ता के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. गुरु प्रकाश पासवान उपस्थित थे।
डॉ. पासवान ने अपने संबोधन में बिहार की विकास यात्रा को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले और उसके बाद बिहार में बुनियादी अंतर स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज बिहार विकास के नए आयाम गढ़ रहा है, जिसका प्रमाण राज्य में हुए बुनियादी सुधार और बदलाव हैं।
उन्होंने कहा कि विकास का असली पैमाना सड़कें, अस्पताल, कानून-व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं हैं। 2005 से पहले बिहार अराजकता, अव्यवस्था और पिछड़ेपन की पहचान था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। सड़क नेटवर्क का विस्तार हुआ है, बेहतर अस्पतालों की व्यवस्था हुई है और कानून-व्यवस्था में सुधार आया है।
डॉ. पासवान ने कहा कि मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय गिरावट आई है। आम जनता को बिजली क्षेत्र में भी बड़ी राहत मिली है और हर परिवार को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा मिल रही है। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का भी उल्लेख किया और कहा कि पहले यह राशि केवल 400 रुपये थी, जिसे बढ़ाकर अब 1100 रुपये कर दिया गया है। इससे गरीब, वृद्ध, विधवा और दिव्यांगजन को सीधा लाभ हो रहा है।
महिलाओं के सशक्तिकरण की बात करते हुए डॉ. पासवान ने कहा कि महिला पुलिस की बहाली से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। इसके अलावा, डोमिसाइल नीति लागू होने से युवाओं को शिक्षा और रोजगार में अवसर सुनिश्चित हुए हैं।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और उनकी राजनीति केवल नकारात्मकता और भ्रम फैलाने तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए सरकार बिहार को एक नए पथ पर आगे ले जा रही है और आने वाले दिनों में राज्य और भी मजबूत और विकसित बनेगा।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश्वर प्रसाद सिंह, जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, अरविंद पटेल, नीरज कुमार डब्ल्यू, डॉ. अशुतोष कुमार, जिला महामंत्री शिवरतन प्रसाद, जिला मंत्री अमरेश कुमार, अनुग्रह नारायण, सोनू कुमार हिंदू, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष मणिकांत पासवान, ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री संजीव कुमार सन्नी, पूर्व अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष मुन्ना पासवान, राजगीर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नूतन देवी, धीरज पाठक, युवा मोर्चा बब्लू सिंह, अमरजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।







