अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ । भारतीय जनता पार्टी नालंदा जिला कार्यालय में गुरुवार को एक संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद एवं बिहार प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी दीपक प्रकाश और क्षेत्रीय सह प्रभारी जितेंद्र कुमार नीरज शामिल हुए।
बैठक में जिले के सभी मंडल अध्यक्षों और महामंत्रियों ने भाग लिया। सांसद दीपक प्रकाश ने सर्वप्रथम नव-नियुक्त प्रखंड स्तरीय बीस सूत्री कार्यक्रम समिति के सदस्यों को बधाई दी और संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए हर कार्यकर्ता को जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। साथ ही उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में एनडीए प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने संगठन की संरचना की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को जीत का “मंत्र” दिया और कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण ही पार्टी की असली ताकत है।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री शैलेन्द्र कुमार, जिला उपाध्यक्ष श्याम किशोर प्रसाद सिंह, जिला मंत्री रवि राज, डॉ. आशुतोष कुमार, साबो देवी, उपेंद्र राजवंशी, युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता सन्नी पटेल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रज्ञा भारती, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष मुन्ना पासवान, धीरज पाठक, सीतेश गुंजन, तथा मंडल अध्यक्ष रजनीश कुमार, अविनाश कुमार, नीलम देवी, आशुतोष कुमार सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष एवं महामंत्री उपस्थित थे।
बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।